हमीरपुर के डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र से रैगिंग का आरोप, जांच शुरू

13 अक्तूबर: डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल हमीरपुर में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के एक छात्र के साथ कथित रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। मामले में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के आधा दर्जन से अधिक छात्र संदेह के घेरे में हैं। शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें शिकायत के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र बाहरी राज्य का रहने वाला है। आरोप है कि कुछ सीनियर छात्रों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे मानसिक रूप से परेशान किया। इसके बाद छात्र ने ईमेल के माध्यम से कॉलेज के प्रिंसिपल को शिकायत भेजी। शिकायत के आधार पर संदेह के घेरे में आए कुछ छात्रों को एक-एक करके कमेटी के समक्ष बुलाया गया और बंद कमरे में उनसे पूछताछ की गई। कमेटी ने संबंधित छात्रों के बयान भी दर्ज किए हैं, ताकि मामले की वास्तविकता सामने आ सके।

मेडिकल कॉलेज के डॉ. रमेश भारती ने बताया कि सुबह प्राध्यापक मोनिका ने उन्हें एक ईमेल मिलने की जानकारी दी थी। इसमें एक छात्र ने अपने साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीनियर छात्र उससे आंखों में आंखें डालकर बात न करने और एक निर्धारित तरीके से नाम पुकारने जैसी बातों को लेकर दबाव बनाते थे। शिकायत मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की गई और संदेह के घेरे में आए कुछ छात्रों से गहन पूछताछ की गई। मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *