सोलन के ठोडो मैदान में हिमाचल उत्सव संपन्न, डॉ. धनीराम शांडिल ने आयोजकों को दिए 51 हजार रुपये

13 अक्तूबर: सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल उत्सव रविवार शाम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजक डायनामिक इंडिया युवा मंडल सोलन को बधाई दी। साथ ही, उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से मंडल को 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

डॉ. शांडिल ने कहा कि मेले और उत्सव हमारी विशिष्ट संस्कृति के परिचायक हैं। इनके माध्यम से लोगों का मनोरंजन होने के साथ-साथ युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में हिमाचल उत्सव को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी पुरातन संस्कृति को अपनाने व सहेजने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में डॉ. शांडिल की सुपुत्री डॉ. दीपाली धौल, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, डायनामिक इंडिया युवा मंडल सोलन के अध्यक्ष एवं जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता आपूर्ति निगम के निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सेठी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्यकारी अधिकारी गोपाल शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद अंकुश शर्मा, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, पूर्व पार्षद सरदार सिंह ठाकुर सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, डायनामिक इंडिया युवा मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *