सलूणी में सगे चाचा ने दो नाबालिग भतीजियों से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

15 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा व्यक्ति ने अपनी ही दो नाबालिग भतीजियों (सगी बहनों) को अपनी हवस का शिकार बना डाला। आरोपी ने दोनों बहनों के साथ घर और खेत में अलग-अलग स्थानों पर जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने बड़ी भतीजी के साथ घर के भीतर और छोटी भतीजी के साथ खेत में इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्चियों ने हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद पीड़ित बच्चियों के पिता ने तुरंत सदर थाना चंबा में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में डॉक्टरों की एक विशेष टीम द्वारा दोनों पीड़ित बहनों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *