सराज की दो पंचायतों ने पेश की मिसाल, बिना चुनाव चुनी अपनी नई पंचायतें

16 मई: हिमाचल प्रदेश के सराज विधानसभा क्षेत्र से लोकतंत्र और भाईचारे की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहां ग्राम पंचायत गुढार और अनाह के ग्रामीणों ने आपसी सहमति से पंचायतों का निर्विरोध गठन कर नई मिसाल कायम की है। चुनावी प्रतिस्पर्धा और गुटबाजी से दूर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

इस उपलब्धि के बाद शनिवार को नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि आपसी एकता और सहमति से चुनी गई पंचायतें विकास को नई दिशा देंगी।

आज के समय में जहां पंचायत चुनाव अक्सर आपसी मतभेद और गुटबाजी का कारण बनते हैं, वहीं गुढार और अनाह पंचायतों के लोगों ने राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया है। ग्रामीणों, बुजुर्गों और युवाओं ने व्यक्तिगत मतभेदों को पीछे छोड़ गांव के विकास को प्राथमिकता दी और एकमत होकर नेतृत्व का चयन किया।

ग्रामीणों का मानना है कि निर्विरोध पंचायत गठन से चुनावी खर्च और अनावश्यक विवादों पर रोक लगेगी। अब पंचायतें बिना किसी राजनीतिक दबाव और भेदभाव के गांव के विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी। लोगों का कहना है कि इससे गांवों में भाईचारा मजबूत होगा और भविष्य में भी बड़े फैसले आपसी सहमति से लिए जा सकेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *