28 सितंबर: राजधानी शिमला में सदर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर और अन्य वायरिंग सामान चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 26 सितंबर को सदर पुलिस थाना शिमला में चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 25 सितंबर को निर्माणाधीन होटल के स्टोर रूम से भारी मात्रा में कॉपर वायर और अन्य वायरिंग तारें गायब मिलीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति पीठ पर बोरे लेकर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और फागली के डाऊनडेल क्षेत्र में पहुंचकर तीनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए सदर थाना लाया।
पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की वारदात में संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की पहचान अजय साहनी उर्फ ललटू (25) पुत्र राम उदगार साहनी निवासी जिला दरभंगा, बिहार, संजय (28) पुत्र अकलू साहनी निवासी जिला मुजफ्फरपुर, बिहार और सैंटी (26) पुत्र उपेन्द्र साहनी निवासी जिला दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में डाऊनडेल, फागली, शिमला में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। तीनों को नियमानुसार शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी।