मौसम विभाग का अलर्ट, 25 से भारी बरसात

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

शिमला। हिमाचल में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। प्रदेश भर में 25 जून से आगामी 48 घंटे तक मौसम के रौद्र रूप का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इस दौरान ओरेंज और यलो अलर्ट की चेतावनी दी है। प्रदेश के छह जिलों मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में ओरेंज अलर्ट, जबकि चार जिलों चंबा, हमीरपुर, कुल्लू और ऊना में यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सभी जिलों के प्रशासन को भी मौसम के मिजाज को देखते हुए तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। भारी बारिश की वजह से सडक़ों पर ल्हासे गिरने और भू-स्खलन जैसी घटनाओं को देखते हुए वाहन चालकों को भी पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज देखकर ही सफर करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन 48 घंटे में 115 मिलीमीटर से 200 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। प्रदेश में बरसात का असर देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

ज्यादातर जिलों में चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान में कमी दर्ज की गई है। बिलासपुर में सबसे ज्यादा चार डिग्री सेल्सियस तापमान कम हुआ है। गुरुवार को बिलासपुर में तामपान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। ऊना में 3.8 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 36 डिग्री, सोलन तीन डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 29 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। शिमला और धर्मशाला दोनों जगह दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में लगातार बारिश की वजह से तापमान में और गिरावट होने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *