मीडिया और समाजसेवा में योगदान के लिए संजय राठी सम्मानित, हरियाणा ने छत्तीसगढ़ को 2-1 से हराया

12 अक्तूबर, कविता शान्ति गौतम: मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समाजसेवा के प्रति समर्पण के लिए मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी को सम्मानित किया गया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 11वें नेशनल फ्लोरबॉल फेडरेशन कप के दौरान जाट एजुकेशन सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी राज सिंह नांदल ने उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फौगाट, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. मनीष बंसल, फ्लोरबॉल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य, खेल निदेशक कुलताज सिंह, जगदेव सिंह और युवा नेता मनजीत फौगाट सहित कई गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान चौधरी राज सिंह नांदल ने हरियाणा और छत्तीसगढ़ की टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले का भी आनंद लिया। रोमांचक मैच में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को 2-1 गोल से हराकर जीत दर्ज की।

इस दौरान चौधरी राज सिंह नांदल ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, संघर्षशीलता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं को चुनौतियों का सामना करने, असफलताओं से सीखने और निरंतर मेहनत के दम पर लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *