7 जून : शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी के एक मामले में हमीरपुर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विवाह करने वाली महिला और शादी करवाने वाली एक बिचौलिया महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बड़सर क्षेत्र के निवासी मनीष कुमार ने बताया कि उनकी शादी फरवरी 2026 में पंजाब के अमृतसर में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उन्हें पत्नी द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर संदेह हुआ। जांच करवाने पर दस्तावेज कथित रूप से फर्जी पाए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में सवाल उठाए तो उन्हें और उनके परिवार को धमकियां भी मिलने लगीं।
मनीष कुमार के अनुसार इस विवाह में उनके लगभग सात लाख रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने पुलिस से आर्थिक नुकसान की भरपाई करवाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि संबंधित महिला कुछ दिन पहले जम्मू जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और महिला की तलाश के लिए विशेष रणनीति अपनाई। जांच के दौरान पुलिस ने महिला को बड़सर आने के लिए प्रेरित किया, जहां पहुंचते ही उसे हिरासत में ले लिया गया। मामले में कथित बिचौलिया महिला को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विवाह संबंध तय करते समय दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।