नेपाल में बाढ़ के बाद ऊना का इंजीनियर युवक लापता, परिवार ने प्रशासन से लगाई तलाश की गुहार

28 अगस्त: नेपाल में आई बाढ़ के बाद हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का 30 वर्षीय इंजीनियर युवक लापता हो गया है। युवक से परिवार का संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिजन चिंतित हैं। परिवार ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से संपर्क कर युवक की तलाश में मदद की गुहार लगाई है।

मैहतपुर-बसदेहड़ा नगर परिषद के वार्ड नंबर 8 निवासी सुखविंद्र सिंह (30) पुत्र हुसन लाल नेपाल के त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-1 में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ के बाद से परिवार की उनसे कोई बात नहीं हो पाई है। परिजन लगातार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।

स्थिति को देखते हुए सुखविंद्र के परिवार के सदस्य वीरवार को ऊना से नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं। परिजन वहां पहुंचकर अपने स्तर पर भी उनकी तलाश करेंगे।

परिवार ने इस मामले की जानकारी ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा को भी दी है। रायजादा ने कहा कि परिवार बेहद चिंतित है। उन्होंने जिला प्रशासन को मामले की जानकारी देकर लापता युवक की तलाश के लिए आवश्यक प्रयास करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि वह शिमला जाकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष भी यह मामला उठाएंगे, ताकि युवक का जल्द पता लगाया जा सके।

सुखविंद्र के रिश्तेदार सुनील कुमार ने बताया कि परिवार लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने प्रशासन से युवक की तलाश के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *