टांडा में किसान संवाद कार्यक्रम: सुक्खू ने किसानों से की जमीन न बेचने की अपील, प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी आमदनी

19 नवम्बर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने टांडा मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री किसान संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसानों से अपनी जमीन न बेचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीन किसानों की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे सुरक्षित रखना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान पीढ़ियों से मेहनत और लगन के साथ खेती-किसानी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल नहीं मिल पा रहा है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों को बेहतर आमदनी के अवसर मिल सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक तरीके से उगाई गई कच्ची हल्दी का समर्थन मूल्य 150 रुपये से बढ़ाकर 170 रुपये प्रति किलो करने पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा ढगवार में 300 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा मिल्क प्लांट भी जल्द शुरू किया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, पर्यटन विभाग के चेयरमैन आर.एस. बाली सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *