30 सितंबर: क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान सुनेहरा निवासी हरपाल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
परिजनों के अनुसार, हरपाल सिंह को छाती में दर्द की शिकायत थी और वह खुद चलकर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचा था। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी उचित जांच और समय पर उपचार नहीं किया गया। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने शव को स्ट्रेचर पर रखकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते उचित उपचार मिलता तो शायद मरीज की जान बचाई जा सकती थी।
मामले में महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा भी परिजनों के समर्थन में उतर आई। महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अमित कुमार वाल्मीकि ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले चिकित्सक या स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो महासभा आंदोलन करेगी। परिजनों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग भी उठाई है।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी है। प्रशासन के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इसके बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।