27 फरवरी: कुल्लू में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय मास्टर वेटरन बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए।
जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ के महासचिव विलास हंस ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में कांगड़ा का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पुरुष 55 वर्ष आयु वर्ग (युगल) में संजय आचार्य और विक्रम चौधरी की जोड़ी विजेता रही, जबकि हितेन कटोच और अजय कुमार शर्मा उपविजेता रहे।
पुरुष 60 वर्ष आयु वर्ग (एकल) में समर गुरुंग उपविजेता रहे। 60 वर्ष आयु वर्ग (मिश्रित युगल) में सुनील सिंह ठाकुर और शशि ठाकुर की जोड़ी ने खिताब जीता। 60 वर्ष आयु वर्ग (युगल) में समर गुरुंग एवं उपेंद्र सिंह तथा संजीव रत्न (कांगड़ा) एवं हरीश वर्मा (मंडी) की जोड़ियां तीसरे स्थान पर रहीं।
70 वर्ष आयु वर्ग (पुरुष युगल) में मधुसूदन भारद्वाज और मेघराज ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर संघ के अध्यक्ष सुनील मनोचा, कोषाध्यक्ष विशाल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
महासचिव विलास हंस ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आधार पर जिला कांगड़ा के लगभग 7 से 10 खिलाड़ी आगामी माह गोवा में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संघ ने आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों को आगे भी हर संभव सहयोग और समर्थन प्रदान किया जाएगा।