30 सितम्बर: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने मंगलवार को ग्राम पंचायत बलेरा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला चडेरा में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और आम का पौधा रोपित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
इसके बाद विधायक ने 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना चडेरा तथा ग्राम पंचायत बड़ोग में 11.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साई-जोहाड़ी-खुन्ड-चम्यासी से समलेच संपर्क मार्ग की आधारशिला रखी। इन विकास कार्यों पर कुल 12.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
संजय अवस्थी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पौधरोपण के माध्यम से वन क्षेत्र बढ़ाने के साथ भू एवं भू-जल का संरक्षण भी किया जा सकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। गांवों को आत्मनिर्भर बनाए बिना प्रदेश का चहुंमुखी विकास संभव नहीं है। इसी उद्देश्य से सरकार ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं। गाय और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी तथा प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को उन्होंने इसी दिशा में उठाए गए कदम बताया।
उन्होंने कहा कि सड़कें गांवों के विकास की जीवनरेखा होती हैं। संपर्क मार्गों के सुदृढ़ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होने के साथ लोगों को विभिन्न सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होगी। प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान संजय अवस्थी ने गांव चडेरा के मोक्षधाम तक रास्ते के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चडेरा के भवन की मरम्मत के लिए 1 लाख रुपये, ग्राम पंचायत बलेरा के लिए 10 सोलर लाइट, छह पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों को 11-11 हजार रुपये तथा एक पंजीकृत युवक मंडल को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने का मामला उच्च स्तर पर उठाने का भी आश्वासन दिया।
विधायक ने खटेटा गांव के मोक्षधाम में शेड निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये, समलेच गांव के मोक्षधाम में शेड निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये तथा महिला मंडल साईं, जोहड़ी और चम्यासी को सामान खरीदने के लिए 21-21 हजार रुपये देने की घोषणा की।
संजय अवस्थी ने ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत बलेरा की प्रधान बीना देवी, ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान इंद्र लाल, ग्राम पंचायत भूमती की प्रधान शकुंतला ठाकुर, ग्राम पंचायत जमरोटी की प्रधान रमा बंसल, ग्राम पंचायत शहरोल की प्रधान नर्वदा, ग्राम पंचायत जयनगर पट्टा के प्रधान राजेश महाजन, ग्राम पंचायत चडेरा के उपप्रधान मस्तराम महाजन, ग्राम पंचायत बसन्तपुर के उपप्रधान धनीराम ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।