बद्दी पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, चिट्टा, अफीम और अवैध शराब के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

16 जुलाई, कविता शांति गौतम : बद्दी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में चिट्टा, अफीम और अवैध देसी शराब बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में स्पेशल सेल-एक्स टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नालागढ़ के मगनपुरा स्थित एक मोटरसाइकिल मैकेनिक की दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 3.04 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 265 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस मामले में गफूर मोहम्मद, संतोख सिंह और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना पर बिरला टेक्सटाइल कंपनी, भटौलीकलां के सामने स्थित एक खोखे पर छापा मारा। यहां से 7 बोतल, 10 अद्धे और 20 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद की गई। मौके पर मौजूद आरोपी शनि निवासी जिला इटावा (उत्तर प्रदेश) शराब से संबंधित कोई वैध परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

बद्दी पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *