11 जुलाई: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए), हमीरपुर ने मेडिकल लैब टेक्नीशियन ग्रेड-2, ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट और रेडियोग्राफर के पदों की संख्या बढ़ा दी है। नई रिक्तियों के बाद आयोग ने इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन का एक और मौका देने का फैसला किया है। आवेदन पोर्टल 11 जुलाई सुबह 10 बजे से 25 जुलाई रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि मेडिकल लैब टेक्नीशियन ग्रेड-2 (पोस्ट कोड-26012) के 10 पदों में 15 नए पद जोड़कर कुल 25 पद कर दिए गए हैं। ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008) के 176 पदों में 60 पदों की वृद्धि के बाद कुल 236 पद हो गए हैं। वहीं, रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) के 28 पदों में 30 नए पद जोड़कर कुल 58 पद कर दिए गए हैं। इस तरह तीनों श्रेणियों में कुल 105 नए पद बढ़ाए गए हैं।
डॉ. महाजन ने पात्र और इच्छुक अभ्यर्थियों से 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही इन पदों के लिए आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। उनका पहले किया गया आवेदन पूरी तरह मान्य रहेगा। यह पोर्टल केवल उन नए अभ्यर्थियों के लिए दोबारा खोला गया है, जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे।