10 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से लंबित प्रक्रिया पर अब जल्द फैसला होने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि इस संबंध में गठित कैबिनेट सब कमेटी अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है। अब 20 जुलाई को प्रस्तावित मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि कैबिनेट सब कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित परीक्षा की मेरिट के आधार पर सेवारत शिक्षकों को सीबीएसई स्कूलों में नियुक्ति देने की सिफारिश की है। सरकार रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद अंतिम फैसला लेगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति में देरी का सीधा असर विद्यार्थियों के नामांकन पर पड़ा है। पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण करीब 2500 विद्यार्थी सीबीएसई स्कूल छोड़कर अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रवेश ले चुके हैं। सरकार इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री ने मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने सभी जिला उपायुक्तों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थान बंद करने का अधिकार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि खराब मौसम के कारण किसी जिले में शिक्षण संस्थान बंद किए जाते हैं, तो उस अवधि में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को भी अवकाश रहेगा।