8 जुलाई: जिला मुख्यालय कुल्लू में प्रसूता मंजू शर्मा की मौत के मामले को लेकर एक बार फिर लोगों का आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग रथ मैदान में एकत्र होकर प्रदर्शन पर उतर आए। प्रदर्शन में मंजू शर्मा के पति, परिजन और रिश्तेदारों के अलावा मंडी जिले के सराज और द्रंग तथा कुल्लू जिले के कई लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि परिजनों की शिकायत के आधार पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर को बर्खास्त किया जाए। उनका कहना है कि प्रसूता की मौत की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्षेत्रीय अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है। अस्पताल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।