4 जुलाई: प्रदेश कांग्रेस कमेटी का दो दिवसीय संगठनात्मक महामंथन शनिवार से राजधानी शिमला स्थित राजीव भवन में शुरू हो गया। जनरल हाउस की इस महत्वपूर्ण बैठक में हाल ही में संपन्न पंचायत चुनाव के प्रदर्शन की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है।
बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल मंत्रिमंडल में खाली पदों को भरने और आवश्यक फेरबदल पर जल्द निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस विषय पर चर्चा के लिए कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल धर्मशाला आएंगे।
उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के साथ संगठन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। रविवार को कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक होगी। इसके बाद धर्मशाला में कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे। हालांकि, इस बैठक की अंतिम तिथि अभी तय नहीं की गई है।