कांगड़ा में संदिग्ध हालात में मां-बेटी की मौत, बेटे की हालत नाजुक

3 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वाली उपमंडल के तहत धेवा पंचायत के घेली गांव में मां और बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि परिवार का बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान बुद्धि सिंह की पत्नी शकुंतला देवी (42) और उनकी बेटी प्रिया के रूप में हुई है। प्रिया नौवीं कक्षा की छात्रा थी। बुद्धि सिंह के अनुसार, गुरुवार रात परिवार ने रोजाना की तरह खाना खाया और सभी सोने चले गए। शुक्रवार सुबह जब उनकी आंख खुली तो पत्नी और बेटी बेसुध पड़ी थीं। उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। वहीं, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा लेख राज गंभीर रूप से बीमार मिला और उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ज्वाली ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नूरपुर के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घर से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *