गुप्तगंगा के पास सफाई कर्मी का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

2 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में गुप्तगंगा के समीप एक 30 वर्षीय सफाई कर्मी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जम्मू का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से कांगड़ा में सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि देर रात संतोष कुमार एक ऊंचे डंगे पर बैठा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटनास्थल के पास पुलिस को शराब की एक बोतल भी बरामद हुई है, जिसमें कुछ मात्रा में शराब बची हुई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *