जुखाला और श्री नयनादेवी कॉलेज में फिर शुरू होंगी साइंस- कॉमर्स की कक्षाएं, सीएम ने दिए अधिसूचना जारी करने के निर्देश

30 जून : जिला बिलासपुर के श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। डिग्री कॉलेज जुखाला में साइंस और कॉमर्स संकाय तथा श्री नयनादेवी जी डिग्री कॉलेज में कॉमर्स की कक्षाएं दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संबंधित अधिकारियों को इसके लिए अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए हैं। अब क्षेत्र के लोग अधिसूचना जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।

सोमवार को श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में जुखाला डिग्री कॉलेज बचाओ मंच के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला स्थित मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए डिग्री कॉलेज जुखाला में साइंस एवं कॉमर्स संकाय और श्री नयनादेवी जी डिग्री कॉलेज में कॉमर्स की कक्षाओं को पुनः शुरू करने की मांग रखी।

विधायक रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन कक्षाओं के बंद होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की लंबे समय से मांग रही है कि इन संकायों को दोबारा शुरू किया जाए।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए। इस पर विधायक रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे सैकड़ों छात्रों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।

रणधीर शर्मा ने जुखाला कॉलेज बचाओ मंच, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों को इस जनहित की मांग को लेकर किए गए निरंतर प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष लेख राम ठाकुर और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दौलत राम ठाकुर भी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *