29 जून : धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित 17 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को मिनी सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सभी पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि धर्मशाला के संतुलित और समग्र विकास के लिए सभी पार्षदों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति देंगे।
शपथ लेने वाले पार्षदों में फरसेटगंज से रेखा देवी, भागसूनाग से शमशेर नेहरिया, मैकलोडगंज से आशा देवी, कश्मीर हाउस से नीनू शर्मा, खजांची मोहल्ला से शैलजा, कोतवाली बाजार से करिश्मा छेत्री, सचिवालय से आशु, खेल परिसर से प्रेरणा गुलेरिया, सकोह से नरेश कुमार, श्यामनगर से सुदेश शास्त्री, रामनगर से अनुराग, बड़ोल से मीना कुमारी, दाड़ी से हर्ष ओबरॉय, कंड से अनोज बिष्ट, खनियारा से परवीन कुमार, सिद्धपुर से अनुपम कटोच और सिद्धबाड़ी से विशाल जम्वाल शामिल रहे।
शपथ ग्रहण के बाद महापौर और उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन आवश्यक कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव नहीं हो सका।
समारोह में विधायक सुधीर शर्मा, नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल, संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र कटोच, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।