22 जून: धर्मशाला स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में आयोजित वार्षिक स्नातक चिकित्सा सम्मेलन ‘मेडएसेंड 2026-2.0’ में एचपीटीडीसी अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवा चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे सम्मेलन चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। 
आर.एस. बाली ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा डॉक्टरों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर नवाचार और शोध जरूरी हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थियों के साथ-साथ बिहार और जम्मू-कश्मीर के मेडिकल कॉलेजों के छात्रों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर आर.एस. बाली ने टांडा मेडिकल कॉलेज के डाइनिंग हॉल के लिए फर्नीचर उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. धीरज कपूर, स्टूडेंट वेलफेयर ऑफिसर डॉ. राजीव गोयल, डॉ. मंजू, डॉ. मोनिका सहित कई चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और छात्र मौजूद रहे।