22 जून : हिमाचल प्रदेश में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक प्रशासनिक प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। सुबह से ही प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की आवाजाही शुरू हो गई थी।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। निगम की ओर से नीट अभ्यर्थियों को साधारण बसों में परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की गई।
शिमला जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां 3,738 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। वहीं रिज मैदान से कड़ी सुरक्षा के बीच प्रश्नपत्रों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।
जिला बिलासपुर और घुमारवीं में बनाए गए पांच परीक्षा केंद्रों पर 1,352 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बेहतर इंतजाम किए गए थे। जिला कांगड़ा में भी परीक्षा के लिए 12 केंद्र स्थापित किए गए थे।
प्रदेशभर में परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने बेहतर परिणाम की उम्मीद जताते हुए कहा कि इस बार उनकी मेहनत जरूर रंग लाएगी।