22 जून : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के अणु स्थित साई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षुओं, युवा खिलाड़ियों और बच्चों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में नादौन में करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टेडियम में तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेनिस समेत 14 खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह के बाद खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कारों का प्रावधान किया है।
उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को 1.5 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जा रही है। इसके अलावा ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी करोड़ों रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कार्यभार संभालने के बाद खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुना वृद्धि की है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए हवाई यात्रा और रेलवे की एसी श्रेणी में यात्रा की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड की मरम्मत के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के साथ संवाद कर खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए।