राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 165 प्रतिभागियों ने किया योगाभ्यास

22 जून , तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। प्रातः 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुवाड़ी के एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुवाड़ी की प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा, आयुष विभाग से डॉ. सुरुचिका, एनसीसी के सीटीओ प्रो. विपन कुमार तथा एएनओ गांधी राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे दिसंबर 2014 में 177 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ। इसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि 21 जून वर्ष का सबसे लंबा दिन होने के साथ-साथ आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।

उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का समन्वय है। महर्षि पतंजलि के अनुसार, “योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः” अर्थात मन की चंचल वृत्तियों को नियंत्रित करना ही योग है। वर्तमान समय में जब व्यक्ति तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, तब योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी कला है।

योग सत्र के दौरान आयुष विभाग के विशेषज्ञों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी आचार्य, सहायक आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय और महाविद्यालय के कुल 165 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *