13 साल के अनु ने दंगलों में बजाया जीत का डंका, राष्ट्रीय स्तर के पहलवान को भी दी मात

22 जून , अभिषेक मिश्रा : बिलासपुर जिले के जुखाला क्षेत्र के गसौड़ गांव का 13 वर्षीय युवा पहलवान अनु इन दिनों प्रदेश भर के दंगलों में अपनी शानदार प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। बीते एक माह के दौरान क्षेत्र में आयोजित लगभग सभी प्रमुख दंगलों में अनु ने जीत हासिल कर बाल केसरी का खिताब अपने नाम किया है। उसकी लगातार सफलताओं ने उसे दंगल प्रेमियों के बीच विशेष पहचान दिलाई है।

हाल ही में श्री नैना देवी जी में आयोजित प्रतिष्ठित दंगल में अनु ने खेलो इंडिया अंडर-20 प्रतियोगिता के कांस्य पदक विजेता और मोही अखाड़े के पहलवान अब्दुल को कड़े मुकाबले में पराजित कर सभी को चौंका दिया। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान को हराना अनु की असाधारण प्रतिभा का परिचायक माना जा रहा है।

अनु के नाम राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि भी दर्ज है। इसी वर्ष तमिलनाडु में आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में उसने ग्रीको-रोमन शैली में रजत पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया। उसकी इस उपलब्धि को प्रदेश के खेल जगत में बड़ी सफलता माना गया।

महज 13 वर्ष की आयु में अनु अंडर-17 वर्ग के मुकाबलों में बड़े और अधिक अनुभवी पहलवानों को लगातार चुनौती दे रहा है। उसने झंडा मेला, निहारखन बासला दंगल, नम्होल, धुनी पंजैल, बैरी, लखनपुर, बरमाना, बाहट कसोल, सायर और नैना देवी सहित कई प्रतिष्ठित दंगलों में बाल केसरी का खिताब जीता है।

इन प्रतियोगिताओं में अनु ने अपने से अधिक उम्र और वजन वाले हिमाचली तथा बाहरी राज्यों के पहलवानों को हराकर अपनी प्रतिभा की मजबूत छाप छोड़ी है। विशेष रूप से नैना देवी दंगल में खेलो इंडिया अंडर-20 के कांस्य पदक विजेता पहलवान को हराना उसकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

अनु वर्तमान में लखनपुर स्थित हनुमान अखाड़ा में मुख्य कोच बलवीर चिल्ला के मार्गदर्शन में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहा है। अनु अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और परिवार के सहयोग को देता है।

अनु के पिता अशरफ अली व्यवसाय से ट्रांसपोर्टर हैं, जबकि माता रुबीना गृहिणी हैं। बेटे की लगातार सफलताओं से पूरे जुखाला क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अनु इसी तरह मेहनत और लगन से आगे बढ़ता रहा तो आने वाले समय में वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम और अधिक रोशन करेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *