बारामूला में हथियार तस्करी का भंडाफोड़, उरी का वकील अहमद गिरफ्तार

9 जून : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों ने अवैध हथियार तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए उरी निवासी वकील अहमद थीकरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सात जून को बारामूला पुलिस और सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने चंदसुमा-कनिस्पोरा क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान श्रीनगर से बारामूला जा रहे एक वाहन की तलाशी लेने पर सहयात्री के बैग से तुर्की निर्मित पिस्तौल बरामद हुई।

आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में वाहन चालक की इस मामले में कोई संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 7/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर सोमवार को उरी के कमालकोट क्षेत्र के कलसी हरदू में तलाशी अभियान चलाया गया। कार्यकारी मजिस्ट्रेट, स्थानीय लंबरदार और चौकीदार की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के दौरान चीन निर्मित एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 13 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस का कहना है कि ताजा बरामदगी एक बड़े अवैध हथियार नेटवर्क की ओर संकेत करती है। मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के साथ-साथ हथियारों और गोला-बारूद के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *