5 जून : राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक फैक्ट्री में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग तेजी से फैलते हुए पास की दूसरी फैक्ट्री तक पहुंच गई, जिससे दोनों इकाइयां गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। हादसे में कई कर्मचारी झुलस गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद आग भड़क उठी। आग ने परिसर में रखे ऑयल टैंक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद आग आसपास के क्षेत्र में फैल गई और नजदीकी फैक्ट्री भी इसकी चपेट में आ गई।
घटना के दौरान फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लंबे समय तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।