ज्वालामुखी में दर्दनाक हादसा: शौर्य चक्र विजेता मरीन कमांडो अमित राणा की खाई में गिरने से मौत

3 जून: कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय नौसेना के विशिष्ट मरीन कमांडो और शौर्य चक्र विजेता अमित सिंह राणा (32) का सड़क हादसे में निधन हो गया। सोमवार देर रात खुंडियां क्षेत्र के लाहड़ू में उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 500 फुट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

देश की रक्षा में अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देने वाले अमित राणा की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, वह छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे और सोमवार सुबह ही परिवार के पास पहुंचे थे। देर रात एक मित्र से मुलाकात कर वापस लौटते समय लाहड़ू के समीप एक खतरनाक मोड़ पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अमित राणा के निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके निधन को देश और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *