हमीरपुर में शारीरिक शिक्षक भर्ती के इंटरव्यू 3-4 जून को, 18 पदों के लिए जारी हुआ शेड्यूल

31 मई : स्कूल शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षकों के 355 पदों की बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया के तहत जिला हमीरपुर में 18 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 3 और 4 जून को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि कुल 18 पदों में 5 सामान्य वर्ग, 3 ईडब्ल्यूएस, 3 ओबीसी, 1 ओबीसी बीपीएल, 4 एससी, 1 एससी बीपीएल और 1 एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 जून को भोरंज और नादौन उपरोजगार कार्यालयों में पंजीकृत अभ्यर्थियों के साक्षात्कार होंगे, जबकि 4 जून को हमीरपुर, बड़सर और सुजानपुर रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया जाएगा। सभी साक्षात्कार सुबह 10 बजे से शुरू होंगे।

विभाग की ओर से पात्र अभ्यर्थियों को कॉल लेटर भेजे जा रहे हैं। जिन उम्मीदवारों को कॉल लेटर प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन वे निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं और रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हैं, वे भी निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं।

उपनिदेशक ने बताया कि अभ्यर्थी अपना नाम और अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट ddeehmr.org.in पर भी देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों की दावेदारी बाद में स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222749 पर संपर्क कर सकते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *