30 मई: म्यांमार के राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग शनिवार को विशेष विमान से गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। उनके आगमन पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बोधगया पहुंचे और विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
राष्ट्रपति के साथ म्यांमार सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे। महाबोधि मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने दर्शन-पूजन कर बौद्ध परंपराओं के अनुसार विशेष प्रार्थना की। उनके दौरे को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गया हवाई अड्डे से लेकर महाबोधि मंदिर तक सुरक्षा के बहुस्तरीय प्रबंध किए गए थे।
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने स्वयं सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी की। पुलिस, विशेष सुरक्षा बल और खुफिया एजेंसियों की टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात रहीं। महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति ने सुजाता बाईपास मार्ग स्थित बर्मीज बौद्ध मठ का भ्रमण किया तथा बकरौर स्थित ऐतिहासिक सुजाता मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारियां कर रखी थीं। सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के बीच उनका दौरा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।