प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितंबर को मंडी से करेंगे चुनावी शंखनाद

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

08 सितंबर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितंबर को मंडी से हिमाचल प्रदेश में चुनावी शंखनाद करेंगे। पीएम पड्डल मैदान से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की महागर्जना रैली को संबोधित करने आएंगे। इस रैली में प्रदेश भर के एक लाख युवा पहुंचेंगे। यह जानकारी वीरवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने दी। कश्यप ने कहा कि इस रैली में कोई भी 40 साल से अधिक आयु का पार्टी कार्यकर्ता या समर्थक शामिल नहीं होगा। उन्होंने कहा, बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए एक बार दोबारा काशी के कर्मवीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छोटी काशी आ रहे हैं।सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश से अटूट रिश्ता है और उन्होंने प्रदेश के विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है। मोदी के हिमाचल से लगाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पीएम के रूप में हिमाचल के दौरे पर सबसे अधिक बार वही आए हैं। अटल ने स्वर्णिम हिमाचल की जो कल्पना की थी, उसको मोदी पूर्ण कर रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्नेह प्रदेशवासियों को हमेशा मिलता रहा है। मोदी का मंडी से भी विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में जयराम की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में विकास को नई गति दी है। अटल सरकार ने हिमाचल के विकास के लिए हमारे राज्य को विशेष राज्य का दर्जा दिया था। सत्ता परिवर्तन के बाद केंद्र में आई कांग्रेस की सरकार ने यह दर्जा वापस ले लिया था, लेकिन प्रधानमंत्री बनते ही सबसे पहले नरेंद्र मोदी ने विशेष राज्य का दर्जा वापस दिया।

17 को सुंदरनगर आएंगी स्मृति, रिजिजू शिमला आएंगे

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 17 सितंबर को सुंदरनगर में भाजपा की एक रैली को संबोधित करेंगी। इसी माह केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू शिमला में अधिवक्ताओं के एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। 24 सितंबर को भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुज्जर सोलन में पार्टी के एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *