कांगड़ा पुलिस की बड़ी सफलता, 3 दिन में सुलझा चेन स्नैचिंग मामला; 2 आरोपी गिरफ्तार

25 मई: कांगड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चेन स्नैचिंग के एक मामले को तीन दिन के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने हरियाणा और राजस्थान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छीनी गई सोने की चेन पंजाब से बरामद की गई है।

डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि 20 मई की सुबह एक बुजुर्ग महिला मंदिर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के समय वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। बाद में महिला के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक एक बाइक पर नजर आए। आसपास पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि दोनों युवक बाहरी राज्यों के रहने वाले हैं और क्षेत्र में कबाड़ का काम करते थे।

इसके बाद थाना प्रभारी संजीव कुमार और जांच अधिकारी जगपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी राहुल (24) को महेंद्रगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी सनी कुमार (28) को राजस्थान के कोटपूतली क्षेत्र से पकड़ा गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने छीनी गई चेन पंजाब के कीरतपुर स्थित एक ज्वेलर को 91 हजार रुपये में बेची थी। पुलिस ने छापेमारी कर चेन बरामद कर ली।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *