23 मई: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना सदर पुलिस ने बीती रात कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 5.97 ग्राम चिट्टा बरामद किया। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार, थाना सदर की टीम रात के समय क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पट्टा के पास नाका लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी बीच एक कार (HP 29A-7980) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में सवार दो युवकों के पास से नशे का पदार्थ चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 37 वर्षीय देवराज निवासी बिनौला, तहसील सदर, जिला बिलासपुर और 34 वर्षीय कपिल कुमार निवासी बैरी रजादियां, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आए थे। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी।