22 मई : हिमाचल प्रदेश सरकार ने हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘मिशन-32 प्रतिशत’ शुरू किया है। इस पहल के तहत वर्ष 2030 तक राज्य का हरित आवरण 29.50 फीसदी से बढ़ाकर 32 फीसदी करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान में बड़े स्तर पर पौधारोपण, पारिस्थितिकी संरक्षण और ग्रामीण समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का दावा है कि इस मिशन से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
वन विभाग ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में 8 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें देसी और फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती मिल सके।
सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना समेत कई योजनाओं के तहत महिलाओं, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।