अग्निवीर भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, QR Code से मिलेगी एग्जाम सेंटर की लोकेशन

21 मई: भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026-27 के तहत आयोजित होने वाली कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अब  joinindianarmy.nic.in की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। सेना की यह लिखित परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित होगी। इसके लिए आगरा, अलीगढ़, झांसी और मथुरा सहित विभिन्न शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

इस बार भर्ती प्रक्रिया में कई अहम बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव एडमिट कार्ड में QR Code सुविधा को लेकर हुआ है। उम्मीदवार जैसे ही QR Code स्कैन करेंगे, उन्हें सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन मिल जाएगी। इससे अभ्यर्थियों को सेंटर खोजने में आसानी होगी और परीक्षा के दिन देरी या परेशानी की संभावना भी कम हो जाएगी।

भारतीय सेना ने भर्ती प्रक्रिया को पहले से ज्यादा सरल और व्यवस्थित बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए इस बार सभी ट्रेड और श्रेणियों के लिए एक ही एडमिट कार्ड जारी किया है। पहले अलग-अलग ट्रेड के लिए अलग हॉल टिकट जारी किए जाते थे, जिससे उम्मीदवारों को कई बार भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता था।

अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए सेना ने सैंपल पेपर भी जारी किए हैं। इन मॉडल पेपर्स के जरिए उम्मीदवार परीक्षा पैटर्न, प्रश्नों के स्तर और तैयारी की दिशा को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

फिजिकल टेस्ट में भी उम्मीदवारों का मूल्यांकन दौड़ और पुल-अप्स के आधार पर किया जाएगा। इसे चार ग्रुप में बांटा गया है। पहले ग्रुप में 1.6 किलोमीटर दौड़ 5 मिनट 30 सेकेंड में पूरी करने पर 60 अंक मिलेंगे, जबकि 10 पुल-अप्स पर 40 अंक दिए जाएंगे। दूसरे ग्रुप में 5 मिनट 45 सेकेंड में दौड़ पूरी करने वालों को 48 अंक और 9 पुल-अप्स पर 33 अंक मिलेंगे।

तीसरे ग्रुप में 6 मिनट में दौड़ पूरी करने पर 36 अंक और 8 पुल-अप्स पर 27 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं चौथे ग्रुप में 6 मिनट 15 सेकेंड में दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को 24 अंक मिलेंगे। इसके अलावा 7 पुल-अप्स पर 21 और 6 पुल-अप्स पर 16 अंक तय किए गए हैं।

भारतीय सेना ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में दी गई जानकारी ध्यान से जांच लें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना सुनिश्चित करें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *