20 मई, रवि दत्त भारद्वाज : राजगढ़ विकास खंड में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से विकास खंड कार्यालय राजगढ़ में सेक्टर अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी पंचायती राज एवं विकास खंड अधिकारी राजगढ़ कुलदीप ठाकुर ने की।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मतदान दिवस से जुड़ी व्यवस्थाओं, चुनाव सामग्री प्रबंधन, रिपोर्टिंग व्यवस्था और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बैलेट बॉक्स ट्रैकिंग सिस्टम और बीडीएमएस प्रणाली के संचालन के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षक दिलेर सिंह सैनी ने बताया कि इस बार प्रत्येक बैलेट बॉक्स पर विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है, जिसके माध्यम से उसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग की वेबसाइट से जुड़ी रहेगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निगरानी को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
निर्वाचन अधिकारी कुलदीप ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि मतदान के दिन किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक दिक्कत न आए, इसके लिए सभी प्रक्रियाओं को पहले से अच्छी तरह समझना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया और शांतिपूर्ण व बाधारहित चुनाव संपन्न करवाने पर जोर दिया।