16 मई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 20 मई तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फॉर्म जमा कर सकेंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार लेट फीस देनी होगी।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पीजी डिग्री और डिप्लोमा कोर्स, एड ऑन कोर्स, एलएलबी, एमटीटीएम, बीएचएम समेत दूसरे, चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर के नियमित व री-अपीयर विद्यार्थियों के साथ-साथ पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के री-अपीयर अभ्यर्थी भी इस अवधि में फॉर्म भर सकते हैं। इसके अलावा इक्डोल के जनवरी बैच में प्रवेश लेने वाले पीजी डिग्री और डिप्लोमा कोर्स के विद्यार्थी भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
यह अधिसूचना विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल द्वारा जारी की गई है। जानकारी के अनुसार स्नातकोत्तर स्तर की परीक्षाएं जून माह में आयोजित होंगी और इनके 16 जून से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से अभी आधिकारिक डेटशीट जारी नहीं की गई है।
ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के बाद विद्यार्थियों को उसकी प्रिंट कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित विश्वविद्यालय अधिकारी के पास जमा करवानी होगी।