हमीरपुर पंचायत चुनाव: 32 नामांकन रद्द, कई सीटों पर बदले समीकरण

14 मई: हमीरपुर जिला में पंचायत चुनावों को लेकर दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। दो दिनों तक चली जांच के बाद कुल 5375 नामांकन पत्रों में से 32 को रद्द कर दिया गया, जबकि 5343 नामांकन सही पाए गए हैं।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद के 19 वार्डों, छह पंचायत समितियों के 119 वार्डों तथा 242 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों सहित कुल 1860 पदों के लिए तीन चरणों में चुनाव करवाए जाएंगे।

रद्द किए गए नामांकन पत्रों में जिला परिषद सदस्य के 4, बीडीसी सदस्य के 4, पंचायत प्रधान के 8, उपप्रधान के 4 और पंचायत सदस्य के 12 नामांकन पत्र शामिल हैं। जिला परिषद वार्ड-7 चमनेड़, वार्ड-10 जाहू, वार्ड-11 महल और वार्ड-17 मालग से एक-एक नामांकन पत्र रद्द किया गया है।

महल वार्ड से भाजपा समर्थित एक महिला प्रत्याशी का नामांकन आपराधिक मामले की जानकारी छिपाने के कारण रद्द होने की चर्चा है। वहीं जिला परिषद के चार रद्द नामांकन पत्रों में भाजपा समर्थित तीन प्रत्याशी और एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल है। इससे कई वार्डों में चुनावी समीकरण बदल गए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि उम्मीदवार 14 और 15 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। 15 मई की शाम को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

जिले में 26 मई को 83 पंचायतों, 28 मई को 82 पंचायतों और 30 मई को 77 पंचायतों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम मतदान वाले दिन ही घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे से सभी ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *