1 मई: पंडोह बांध में जलस्तर लगातार बढ़ने से खतरे की स्थिति बनने लगी है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में बढ़ती गर्मी के कारण बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिससे ब्यास नदी में पानी की आवक अचानक बढ़ गई है।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने स्थिति को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रबंधन का कहना है कि बांध की सुरक्षा बनाए रखने के लिए किसी भी समय स्पिलवे गेट खोलकर अतिरिक्त पानी छोड़ा जा सकता है।
बीबीएमबी पंडोह के अधिशाषी अभियंता के अनुसार, जलग्रहण क्षेत्रों में बर्फ पिघलने की प्रक्रिया तेज होने से जलाशय में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई गई है।
सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन और पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। तकनीकी रूप से बांध पर दबाव कम करने के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ना जरूरी हो सकता है, इसलिए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी रखी गई है।
प्रशासन ने पंडोह से लेकर निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों के लिए सख्त चेतावनी जारी की है— नदी किनारे या बहाव क्षेत्र के पास न जाएं, मवेशियों को नदी की ओर न छोड़ें और नदी के बीच बने टापुओं या पत्थरों पर जाने से बचें, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।