8 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने विभिन्न डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड द्वारा 15 ट्रेडों में कोर्स करवाए जाएंगे, जिनके लिए प्रदेशभर के 17 सरकारी और 8 निजी बहुतकनीकी संस्थानों में दाखिले होंगे।
पॉलीटेक्निक एडमिशन टेस्ट (PAT) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई तय की गई है, जबकि 2 वर्षीय डिप्लोमा (LEET) के लिए 6 मई तक आवेदन किए जा सकते हैं। सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
प्रदेश में इस समय इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग कोर्सों के लिए कई संस्थान संचालित हो रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए कुछ जगहों पर दूसरी शिफ्ट में भी कक्षाएं चलाई जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को अवसर मिल सके।
डिप्लोमा फार्मेसी के लिए भी 2 सरकारी और 19 निजी संस्थानों में दाखिले उपलब्ध हैं। अधिकांश डिप्लोमा कोर्स 3 वर्ष के हैं, जबकि फार्मेसी कोर्स 2 वर्ष का है।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव अशोक पाठक ने बताया कि कोर्स और एडमिशन से जुड़ी पूरी जानकारी बोर्ड की आधिकारिक प्रोस्पेक्टस में उपलब्ध है।