दून में विकास को रफ्तार: विक्रमादित्य सिंह ने रखा इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास, सड़कों को बताया जीवनरेखा

7 अप्रैल, कविता शांति गौतम: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कों का बेहतर नेटवर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की सबसे बड़ी कुंजी है। प्रदेश सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए सड़क ढांचे को लगातार सुदृढ़ कर रही है।

वह सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रथम चरण में 69 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जबकि शेष राशि भी जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में पहले फेज के तहत 2300 करोड़ रुपये की लागत से 1500 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत की गई हैं। वहीं दूसरे फेज में 1100 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।

मंत्री ने कहा कि भविष्य में दून विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों के लिए लोक निर्माण विभाग का अलग उपमंडल बनाया जाएगा, ताकि विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।

उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को भी अहम बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सही प्रतिनिधियों का चयन जरूरी है। साथ ही कुठाड़ बाजार के स्तरोन्नयन के लिए भी उचित बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

इसके बाद विक्रमादित्य सिंह ने कुठाड़ स्थित टैगोर वनस्थली पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी 2026-27’ में भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क जैसे गुण विकसित करते हैं।

इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को सम्मानित किया, लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *