6 अप्रैल: श्री नयनादेवी क्षेत्र के गांव समतैहण में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों ओर से शिकायत दर्ज कर क्रॉस केस बनाया है।
पहले मामले में मुख्तयार सिंह निवासी समतैहण डाकघर ग्वालथाई ने शिकायत दी कि जमीन को लेकर एक व्यक्ति के साथ विवाद हुआ, जो बढ़कर मारपीट में बदल गया। इस दौरान मुख्तयार सिंह और उनके परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष से मनोज कुमार निवासी समतैहण ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोसी उसकी जमीन पर लगी बाड़ को काटने और तोड़ने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया, जिसमें मनोज कुमार और ज्ञान सिंह को चोटें आईं।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि थाना कोट कहलूर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए पुलिस दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटा रही है।