6 अप्रैल: सुलह क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत परौर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिलाओं और बुजुर्गों सहित कुल 9 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे ग्रामीण खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। घायलों की पहचान रीना देवी, मोनू कुमार, मोनिका देवी, अक्षित, शिवम पांजला, बीना देवी, पवना देवी, सुमन कुमार और सरिता कपूर के रूप में हुई है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद कुछ लोगों को घर भेज दिया गया, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल पाई गईं। पवना देवी (50) पत्नी सुभाष पांजला का पालमपुर में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि मोनिका देवी (40) पत्नी पवन जसवाल को बेहतर इलाज के लिए धीरा अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मधुमक्खियों के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।