बिलासपुर की दमदार जीत, राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में बनाई जगह

14 फरवरी: दावीं घाटी हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर जुखाला में आयोजित 32वीं राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बिलासपुर की टीम ने सेमीफाइनल में कुल्लू को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में कुल्लू ने सोलन को 20-16 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं बिलासपुर ने ऊना को 20-18 से मात देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। किन्नौर ने कांगड़ा को 28-19 के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि चंबा ने मंडी को 25-23 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया।

पहले सेमीफाइनल में बिलासपुर और कुल्लू के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें बिलासपुर ने 38-30 के स्कोर से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। समाचार लिखे जाने तक दूसरा सेमीफाइनल चंबा और किन्नौर के बीच जारी था।

आयोजक सचिव विक्रम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में बिलासपुर, कुल्लू, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, ऊना, किन्नौर, शिमला और सोलन सहित 11 जिलों के 176 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी—वरुण शर्मा, देवेंद्र सिंह और ललित कुमार—भी हिस्सा ले रहे हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को उच्च स्तरीय खेल का अनुभव कराया।

उन्होंने बताया कि दावीं घाटी हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। आयोजन के दौरान हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष देश राज ठाकुर, महासचिव नंद किशोर शर्मा, तकनीकी समिति के चेयरमैन डॉ. प्रवेश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *