मंडी में पति द्वारा पत्नी को आग लगाने का प्रयास, गंभीर हालत में पीजीआई रेफर

13 फरवरी: मंडी जिले के कोटली उपमंडल के अंतर्गत सपलोह गांव में गुरुवार सुबह एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया, जिससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और बेहतर उपचार के लिए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पति और उसकी पत्नी नीलम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर महिला पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोनल अस्पताल मंडी और फिर नेरचौक मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। चेहरे और सिर के हिस्से में गंभीर जलन होने के कारण चिकित्सकों ने उसे उन्नत उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरएफएसएल की टीम ने मौके से नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुष्टि की है कि आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *