26 नवम्बर: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा, एकता-अखंडता और नागरिकों के अधिकारों का मजबूत आधार है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। यह दिन संविधान निर्माताओं के अतुलनीय योगदान को याद करने के साथ-साथ नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों का बोध कराता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान के प्रति सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की शुरुआत की थी, ताकि युवा पीढ़ी संविधान की भावना और उसके महत्व को समझ सके। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। इसकी मर्यादा बनाए रखना, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना और अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान से भरा रहा है। आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को सीमित करना, अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त करना और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना कांग्रेस की कार्यशैली का हिस्सा रहा है। उन्होंने कहा कि आज संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लगभग 90 बार अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर राज्यों की चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के करीब 16 साल के कार्यकाल में 51 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया और विभिन्न राज्यों में कुल 12,943 दिनों तक राष्ट्रपति शासन रहा। उन्होंने 42वें संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने संविधान में व्यापक बदलाव किए और संविधान की प्रस्तावना में भी संशोधन किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि संविधान राजनीतिक लाभ लेने का माध्यम नहीं, बल्कि उसकी भावना, मर्यादा और मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है।