26 नवम्बर, कविता शांति गौतम : झाड़माजरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आधुनिक जल शुद्धिकरण संयंत्र स्थापित किया गया है। हिमाचल प्रदेश में अपनी तरह की पहली बताई जा रही इस प्रणाली को वर्धमान कोलंबिया ग्रुप ने प्लैनेट वाटर फाउंडेशन के सहयोग से विद्यालय परिसर में स्थापित करवाया है। इस संयंत्र से विद्यालय के करीब 2000 विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
इस जल शुद्धिकरण प्रणाली की खासियत यह है कि यह बिना बिजली के संचालित होती है और पर्यावरण अनुकूल तकनीक पर आधारित है। संयंत्र में प्रति घंटे लगभग 1000 लीटर पानी शुद्ध करने की क्षमता है। करीब 17 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस प्रणाली से विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने के साथ ही उनके स्वास्थ्य और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेश कुमार ने वर्धमान ग्रुप, कोलंबिया ग्रुप और प्लैनेट वाटर फाउंडेशन की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना भी विद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संस्थाओं की ओर से उपलब्ध करवाई गई यह सुविधा सामाजिक उत्तरदायित्व का उदाहरण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की जनकल्याणकारी पहल जारी रहेंगी और अन्य संस्थाएं भी शिक्षा संस्थानों के विकास में सहयोग करेंगी।
कार्यक्रम में वर्धमान ग्रुप की ओर से मुख्य महाप्रबंधक मुकेश सक्सेना, कोलंबिया ग्रुप की ओर से मार्केटिंग हेड प्रवीण विंदानी तथा प्लैनेट वाटर फाउंडेशन की ओर से अभिसाई सोना कांबले और चैतन्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा सीएचटी नीलम कुमारी, अध्यापक प्रिया वंदना, उमा, रणधीर सिंह, दिनेश महाजन, सीमा, अंजना, शालू, अनुराधा, बरजिंदर, गुरविंदर, राजेंद्र, कुलदीप, बीरबल, शारदा, मनजीत, बबीता, कंचन, मनप्रीत और पूजा सहित स्वस्तिक गौतम तथा विद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए सहयोगी संस्थाओं और उनके प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।