कांगड़ा के रिट गांव में आग लगने से रसोईघर जलकर राख, डेढ़ लाख रुपये का नुकसान

25 नवम्बर: कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र के रिट गांव में रात करीब एक बजे आग लगने से एक रसोईघर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, रसोईघर मिलापा देवी पत्नी स्वर्गीय जगदीश चंद का था। रात करीब एक बजे जब मिलापा देवी अपने कमरे में सो रही थीं, तभी उन्हें बाहर से स्लेटें टूटने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह उठकर बाहर आईं तो घर के सामने बने रसोईघर से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। यह देखकर उन्होंने तुरंत शोर मचाया।

आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रसोईघर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे आसपास के अन्य भवनों को इसकी चपेट में आने से बचा लिया गया।

पटवारी हलका और पंचायत प्रतिनिधियों ने बुधवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी। पंचायत प्रधान नीलम कुमारी ने प्रभावित परिवार को सरकार की ओर से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *